Tuesday, 31 July 2012

दिल की तिज़ोरी में सहेज लें रफ़ी साहब पर अजातशत्रुजी के वक्तव्य



फ़िल्म संगीत से मोहब्बत करने वालों के लिये अजातशत्रुजी का नाम अपरिचित नहीं है.देश के लोकप्रिय हिन्दी दैनिक नईदुनिया में वे बरसों से गीत-गंगा स्तंभ लिख रहे हैं.दुर्लभ ग्रामोफ़ोन रेकाँर्डों के संकलनकर्ता भाई सुमन चौरसिया के कलेक्शन से अनेक दुर्लभ गीत चुन कर अजातशत्रुजी ने ऐसी लेखनी चलाई है कि आप सोच में पड़ जाते हैं कि जो बात संगीतकार,गीतकार या गायक ने नहीं सोची वह अजातशत्रुजी कैसे लिख जाते हैं। लेकिन मित्रों यही तो है कलम की कारीगरी.ख्यात स्तंभकार जयप्रकाश चौकसे (दैनिक भास्कर के दैनिक फ़िल्म स्तंभ परदे के पीछे के लेखक) अजातशत्रुजी को चित्रपट संगीत समीक्षा का दादा साहब फ़ालके कहते हैं सो ठीक भी है। 31 जुलाई जैसी बेरहम तारीख़ फ़िल्म जगत और हम संगीत के दीवानों के लिये ज़माने भर का दर्द समेट लाती है. रफ़ी साहब इसी दिन तो हमसे दूर चले गये थे।


अजातशत्रुजी ने गीत-गंगा में जब जब भी गीतों की मीमांसा की है वह भाषा का एक नया मुहावरा बन गई है.मैने रफ़ी साहब की सत्ताइसवीं बरसी पर उन आलेखों में से जिन में रफ़ी साहब की गायकी पर अजातशत्रुजी के भावपूर्ण और काव्यात्मक वक्तव्य हैं उन्हे संपादित कर एक छोटा सा संचयन किया है। जिन्होने अजातशत्रुजी और उनकी गीत-गंगा का स्नान किया है वे तो इन पंक्तियों से वाकफ़ियत रखते ही हैं लेकिन ब्लाँग बिरादरी में अजात'दा' से अपरिचित मित्रों के लिये ये संचयन निश्चित ही मर्मस्पर्शी होगा.मैने गागर में सागर भरने की छोटी सी कोशिश की है। समय समय पर अजात'दा' की क़लम-निगारी की बानगियाँ आप तक पहुँचाने की कोशिश करूँगा।


आइये; रफी साहब को ख़िराजे अक़ीदत पेश करते हुए इन पंक्तियों को पढ़ते हैं। आपकी टिप्पणियों का इंतज़ार रहेगा इसलिये कि मै उन्हे इनके लेखक तक पहुँचाना चाहुँगा (अजात'दा' नये ज़माने की चीज़ों जैसे कंप्यूटर,मोबाइल आदि से कोसो दूर रहने वाले एकांतप्रेमी जीव हैं। उन्हे फ़ेसलेस रहना ज़्यादा पसंद है) छोटे मुँह बडी़ बात कहने के लिये माफ़ करें (लेकिन कहे बिना चैन कहाँ) बताइये तो अजातशत्रुजी की ये पंक्तियों क्या ये किसी नज़्म ..ग़ज़ल या गीत से कम वज़नदार हैं ? और हाँ ये भी कहना अप्रासंगिक नहीं होगा कि यदि आपने इन पंक्तियों को पढ़ लिया तो देखियेगा 31 जुलाई को रफ़ी साहब की गायकी आपको कैसे भीगा देती है भीतर तक...!!

-इन दिनों रफ़ी की आवाज़ को सुनना, जब वे दुनिया में नहीं हैं, एक अजीब से अनुभव से गुज़रना है।आज उन्हें सुनकर जवानी के और गुज़रे कितने सालों के आत्मीय डिटेल्स नज़र आते हैं और निकट की किसी ख़ास आत्मीय चीज़ के खो जाने की कसक सताती है।


-यह कमाल रफ़ी को जन्म से हासिल था कि वे अहिन्दू और अमुसलमान होकर भजन तथा नात ऐसी गा जाएँ कि मुस्लिम भजन सुनकर पिघल उठे, हिन्दू नात सुनकर बह जाए और आदमी का आँसू जाति-धर्म भूलकर ज़मीन पर टपक उठे।


-रफ़ी के भजन सुनकर आपको याद आता चला जाएगा कि एक हिन्दू मोहम्मद रफ़ी था कोई... जो प्रभाती और संध्या-वंदन बन कर हमारे गुज़रे जीवन में आया था और गौ की रोटी के आटे-सा हमें नर्म-नर्म सानकर चला गया।


-काश ! ऐसा होता कि लिखे हुए अक्षर गाने लगते तो मैं आपसे क़ुबूल करवा लेता कि रफ़ी इस दुनिया के लिए कितना बड़ा तोहफ़ा थे !


-अपने में मसरूफ़ रफ़ी प्रेम-गीत को इतनी बुलंदी और मिठास से गाते हैं कि उनके बजाए ख़ुद मोहब्बत पुकार करती महसूस होती है !


-रफ़ी ? उनके बारे में तो अल्फ़ाज़ पीछे छूट जाते हैं। अपनी प्रणय-पुकार में वे ऐसी मेलडी रचते हैं कि मिश्री के पहाड़ सर झुकाते जाते हैं और कानों की वादी में फूल झरते जाते हैं।


-रफ़ी साहब शब्दों की आत्मा में उतरकर गाते थे। अर्थों को वे सब तरफ़ से बरसाती की तरह ओढ़ लेते हैं और फिर ख़ुद ग़ायब हो जाते हैं। तब शून्य गाता है, भाव ख़ुद अपने को गाता है। एक-एक ल़फ़्ज़ ख़ुशी में, दु:ख में, इबादत में, भक्ति में, कातरता में डूबकर रस की चाशनी टपकाता हुआ आता है। रफ़ी ख़ूब जानते हैं कि गाने का अर्थ है भाव। शब्द अर्थ में घुल जाए और भाव सीधे गायक की "एब्सेंस' में से निकलकर फ़िज़ॉं को तरबतर कर दे। यही वजह है कि रफ़ी साहब की आवाज़ और आवाज़ के पीछे की ख़ामोशी पाकर, गीत ज़िंदा हो उठते हैं।


-मंच पर रफ़ी को गाने वाले शौकिया अक्सर भूल जाते हैं कि रफ़ी शब्द गाते हुए भी शब्दों के पार रहते थे और तभी शब्द को चा़र्ज़्ड कर उसे नई आग से वापस भेजते थे। मात्र ल़फ़्ज़ों को गाने वालों को समझना चाहिए कि गाना लौटता तो ल़फ़्ज़ों में है, पर वह जाता ल़फ़्ज़ों के पार मौन में है। यही गायन के भीतर गायक का मौजूद रहना है और उसी गायन के भीतर ग़ायब रहना भी !


-रफ़ी हमें हैरान करते हैं। हैरान इसलिए कि वे किस सादगी से गाते हैं और किस अधिकार से भाव को ज़िंदा करते हैं। कुछ इस तरह कि संगमरमर पिघलकर हवा होता जा रहा है और हवा वापस फूल में तब्दील होकर सुगंध का ताजमहल खड़ा कर रही हो।


-रफ़ी की गायकी कितनी सीधी और सच्ची है.फूल की तरह हवा में लहराते हुए और गायन के लिये प्रवाह बनाते हुए.प्यारे लफ़्ज़ और लफ़्ज़ भी वैसे जैसे कि पहले हमारे मोहल्लों में फ़क़ीर सुबह सुबह दरवज्जे पर ऐसे ही गाते थे और गु़रूर , छल-कपट के ख़िलाफ़ जगाते थे।


-रफ़ी साहब का गाना यानी 'एफ़र्टलेस' रवानी और उसी के साथ जज़्बात की लौ को तेज़ और तेज़ करते जाना.इसे ही कहते हैं पानी में आग लगाना या हवा में से जलती हुई मोमबत्ती पैदा कर देना.आप ख़ुश होते हैं...परेशान होते हैं...रिलीफ़ महसूस करते हैं...सोचते हैं;अरे सब कुछ इतना आसान है और खु़द से निजात पाने के अहसास में ठहरते हैं कि गाना ख़त्म होते ही वापस पत्थर का संसार लौट आता है और रोज़मर्रा के पत्थर में तब्दील हो जाते हैं।

-रफ़ी साहब की तारीफ़ में कुछ भी कहना ल़फ़्जों को ल़फ़्जों की कब्र में उलटना-पुलटना है और कब्र में ही रह जाना है। एकमात्र इंसाफ़ या ढंग की बात यही है कि हम गीत को सुनें और चुप रह जाएँ। ऐसा चुप रह जाना सबसे बोल पड़ना और सबसे जुड़ जाना भी है।     






साभार : जोग लिखी संजय पटेल की से ..

Monday, 30 July 2012

नेति नेति



साधो अपने आपसे, कहाँ जायेगा भाग 
जिससे बिछुड़ा तू नहीं, बस उसमें ही जाग 
----------------------------------------------
ऐसा इसवर ना मिले, जो कोई है और 
पगले खुद को जान ले, तू ही तेरा ठौर 
----------------------------------------------
ना आये कहीं और से, और कहीं ना जाय 
जहँ सोया तहीं जागकर, जीव वहीं ठहराय
----------------------------------------------
करम चला है आदि से, करम ना रोका जाय 
करते धरते खोज चल, जो कछु करता नाय 
----------------------------------------------
न करम-बंध न पाप-बंध, और न यह संसार 
सब भूले हैं आपको, एकहि यही अजार 
----------------------------------------------
एक ही साँचा सुन्न है, तीनों लोक समाय
ताही को पहचान ले, कभी ना गोता खाय 
----------------------------------------------
और कहाँ तू जायेगा, खुद को छोड़ गँवार
निज पहचाने जीत है, बिन पहचाने हार 
----------------------------------------------
बंधन पाथर है, नहीं, जिस डालेगा फोर 
खोजत खोजत छुट गये, दुई पाँवन के ठोर
----------------------------------------------
करम मोच्छ ना देयगा, करता को पहचान 
करमी आये लौटकर, ग्यानी लगे ठिकान 
----------------------------------------------
जानो तो तिल भी नहीं, जाने बिना पहाड़ 
झूठ मुठ के बंध में, झींकत है संसार 
----------------------------------------------
छक्का पंजा क्या करे, खुद को खोज निकाल
खोजन का ही खेल है, और नहीं कोई जाल 
----------------------------------------------
स्वामी शून्यानंद 

Sunday, 29 July 2012

अजातशत्रु


प्रिय मित्रो आज से मैं अपना एक नया ब्लॉग प्रारम्भ करने जा रहा हूँ "अजातशत्रु के पोस्टकार्ड"। इस ब्लॉग को मैं श्री महेश कौशिक जी (संपादक - व्हाँइस आँफ हरदा) एवं श्री सुरेश लोहाना जी के सहयोग और मार्गदर्शन के अभाव के शायद कभी आरम्भ नहीं कर पता, इस ब्लॉग के माध्यम से हमारा प्रयास होगा आपको श्री अजातशत्रु जी के लेख, रचना, गज़ले,समीक्षाए, और कुछ खास पत्रों का पाठन करवाना, इस ब्लॉग पर प्रस्तुत समस्त लेख, रचना, गज़ले, समीक्षाए, और  पत्रों के प्रकाशन पर © copyright सर्व अधिकार सुरक्षित है।

आप लोगो में से अधिकतर श्री अजातशत्रु जी से परिचित ही है पर अपने अन्य मित्रो की जिज्ञासा का ख्याल रखते हुए पहले में आपको श्री अजातशत्रु या स्वामी  शून्यानंद या फिर असीर पलासनेरी के संधर्व में कुछ आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवा देता हूँ। खास आपके लिए श्री अजातशत्रु जी की कलम से ..

नाम : असल नाम गिरजाशंकर था पर शिशु गिरजाशंकर दिन भर रोता रहता था। उसे चुप करने के लिए बड़ी मामी जोर-जोर से 'राधेश्याम, राधेश्याम' करती और साथ में ताली बजाती। बालक अक्सर चुप हो जाता। बाद में उसका नाम ही 'राधेश्याम' रख दिया गया। अब पूरा नाम :- राधेश्याम वल्द कालीचरण यादव।

जन्म तारीख : ५ मई १९४२ , इससे यह मानने में सुविधा गई कि एक तरह से मैं  भारत छोड़ो आंदोलन में शरीक था।

जन्मस्थान : एक छोटा-सा रेलवे स्टेशन, जहाँ बड़ी गाड़ियाँ रुकने से इनकार करती है। इस स्टेशन का नाम "पिपलानी' है। यह मध्यप्रदेश में खिड़किया और हरसूद के बीच में बिराजमान है। अजातशत्रु जी उसी स्टेशन पर एक अदना से रेलवे क्वाटर्र में पैदा हुए। इस 'कोटर' में आज भी दफाई वाले रहते हैं। बाहर गाय-बकरी वैसे ही बँधे रहते हैं।

प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा : पहली से तीसरी कक्षा तक भुसावल में, बाद की सारी शिक्षा खंडवा में। चौथी से लेकर अंग्रेजी में एम. ए. तक । यह सन '५४ से लेकर ६६' तक का काल। इस बीच विद्या की देवी सरस्वती मैया की कृपा से यह हुआ कि एक दिन पिताजी स्कूल में आयें, मुझे बुलाकर ले गये। सामने रेलवे यार्ड में 'वाटर कॉलम' पर नहलाया।  नई बड़ी अंडरवियर और कमीज पहनाई और क्यारी जामू (कैरिज एक्जामिनेशन) वालों कि  पुरानी वेगन (जो उनका आफिस थी) में ले गये। यहाँ मुझे एक आदमी ने ऊपर से नीचे तक खूब गौर से देखा, जैसा कसाई बकरे को देखता है और पिताजी से कहा, हम रिश्तेदार हुए। मतलब, वह आदमी मेरा ससुर भया, और जीवन संगिनी मिल गई। यह तब कि बात है, जब अजातशत्रु जी चौथी में पढ़ते थे। छठवीं में उनकी शादी हो गई। (शारदा एक्ट का उल्लंघन करके)

अजातशत्रु नाम क्यों ? : हुआ यह था कि 'हरदे' (हरदा) कि रेलवे अस्पताल में कभी एक कम्पाऊंडर आया था। उसका उपनाम 'अजातशत्रु' था। वह कविताएँ लिखता था और छपवाने से डरता था। डायरी के आगे की दुनिया उन  रचनाओं से कभी नहीं देखी। मगर मैं उसकी रचनाओं से प्रभावित नहीं हुआ था। मैं प्रभावित हुआ था उसके लंबे बालों से, पैजामे-कुर्त्ते से, बिखराव और मैलेपन से तथा जनाना आवाज़ से। ये उस समय के कवियों के 'औरत-रिझाऊ' ट्रेडमार्क थे। किशोर -मन को ये बाना और स्टाक मटेरियल भा गया और उसने उस कम्पाऊंडर का 'अजातशत्रु' नाम चुरा लिया।

अतीत सपाट या कुछ रंगीनियाँ भी ? : अतीत सपाट रहा। कोई उत्तेजक, रोमांचक या उल्लेखनीय घटना नहीं घटी। घटती भी कैसे। पिता की तन्ख्वा कम थी। चमचमाती ड्रेसों का टोटा था। पाँव में टायर की चप्पलें होती थी और पल्ले में गजब का हीनताबोध था। इससे कुढ़कर पढ़ाई तेज कर दी थी और किसी नाजनीन का महबूब न बन पाने की वयगत, स्वाभाविक पीड़ा में, अच्छे मार्क्स ले आता था। कालांतर में प्रोफेसर बना। पैसा पास में आया। वाक् पटुता पहले से ही थी, सो, रोमांस के हुक्के पर दो-चार गुड़गुड़ जोर से की और उम्र के पड़ाव तक लौटते-लौटते शरीफ हो गये। आज नजर यह हो गई की फिक्स कुछ नहीं। मंजर देख और प्रवाह में बहता चल।.. अब मैं समझदार और बेशर्म दोनों हूँ। इसे सुलझ जाना कहते है।

फिलहाल कौन-सी झकमारी ? : बंबई के पास उल्ल्हासनगर है। वहीं यू.एस.ए. फेमवाला । वहाँ चाँदीबाई कॉलेज में अंग्रेजी के प्रोफेसर। प्राकृतिक क्रम में, बिना अपनी कोशिश के प्रमोशन हो जाने के कारण, विभागाध्यक्ष। अत्यधिक अध्ययनशील होने के कारण छात्र-छात्राओं में बोर। कॉलेज खुलने के एक-डेढ़ माह बाद अटेंडेंस अपने आप कम हो जाती है। रिटायरमेंट पास, सो बन्दे को अब फिकर भी नहीं ।.... हाँ, एक बात बता दूँ, रिटायरमेंट के बाद अपने गाँव जाऊँगा (पलासनेर - हरदा) और खेत में मढैया बनाकर रहूँगा। मरना भगवे में चाहता हूँ।

कुछ चिल्लर बातें : कभी फ़िल्मों में स्क्रीन प्ले और डायलाग लिखे थे। दादा मुनि (स्व. अशोक कुमार) पर एक किताब लिखी।

हजारों की संख्या में मित्रो को, परिचितों को, पाठकों को, अजनबियों को ख़त लिखे और इन्ही खतों ने मुझे स्पष्ट किया । मेरा असल लेखन ये ख़त हैं। इन्ही खतों के बदौलत मैं अद्दैत के अनुभव की झलकियाँ ले सका। आगे, मैंने जो लिखा, वह बकबास है, क्योंकि वह परंपरा से उपजा था, नक़ल से उपजा था। जरुरत से उपजा था और बहुत गहरे में, फैशन था, चोचला था।

इस वक्त सिर्फ 'नई दुनिया', इंदौर में फ़िल्म संगीत पर गंभीर लेखन और अपने मित्र ( श्री महेश कौशिक ) के अखबार - व्हाँइस आँफ हरदा में स्थायी व्यंग्य-लेखन। जिन्हें अटकी हो, व्हाँइस पढ़ ले।

पूछिये, पूछिये ऐसी विरक्ति क्यों ? : अलमस्ती क्यों ?.. इसका कारण है खुद का जीवन-दर्शन। जीवन-दर्शन यह है कि अजातशत्रु संसार तुमको मिला है। तुमने खुद को पाया है। यह संसार एक पहेली है। इसे समझो और चले जायो। लिखो तब-जब पा लिया हो। सो, सब बेगार टालते हैं और चुपचाप शून्य को खोजते हैं। इस सोच ने विरक्त भी रखा है और सक्रिय भी रखा है। फोटो ना लगाने पर एक बात .. उसमें मेरी रूचि नहीं। यह सब इसलिए कि मेरी लगन, मेरी ताजगी, मेरी लैला, मेरी दीवानगी, और कही है- किताब, प्रकाशन, पुरस्कार और तालियों के पार । उसे परमात्मा कहिये, शून्य कहिये, भाषा से मुक्ति कहिये । उसकी तलाश में । इसी में संतुष्ट भी हैं ।.... ऐसा क्यों ?.... शायद  इसलियें कि आदमी जन्म से ही अपने संस्कार, रुझान लेकर आता है और वही सर पर चढ़कर काम करते है ।

पता, गाँव का : स्वामी शून्यानंद, लाल कुटिया, पलासनेर (हरदा) ।
(बसेरा, केवल गर्मी और दिवाली कि छुट्टी में )

अंतिम इच्छा : अपने हरदा अंचल में दुबारा जन्म हो ।
यही मित्र - कौशिक, लोहाना, सुगंधी, गुरु, कंचन मिले ।

आपका : गिरजाशंकर.. नहीं.. नहीं.. राधेश्याम यादव या स्वामी शून्यानंद या असीर पलासनेरी या फिर अजातशत्रु ।